छत्तीसगढ़

परीक्षा टकराई तो बदली तारीख, युवाओं को मिला दूसरा मौका

शिक्षक भर्ती से टकरा रही थी पुलिस भर्ती की मुख्य परीक्षा, मुख्यमंत्री साय ने लिया तत्काल संज्ञान

रायपुर | 10 अगस्त। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के हित में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीखें आपस में टकराने से अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा को छोड़ने की मजबूरी बन रही थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने पुलिस भर्ती की मुख्य परीक्षा की तारीखों में बदलाव कर दिया है।

अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा-2024 का आयोजन 2, 3 और 4 नवंबर 2026 को किया जाएगा। पहले यह परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर को प्रस्तावित थी।

25 अक्टूबर को था परीक्षा का टकराव

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 4 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर की संभावित तिथियां तय की गई थीं।

इसी बीच 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी निर्धारित होने से दोनों परीक्षाओं की तारीख आपस में टकरा रही थी। दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी। उन्हें आशंका थी कि एक ही दिन दो परीक्षाएं होने के कारण किसी एक अवसर से वंचित होना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा- एक परीक्षा चुनने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए

अभ्यर्थियों की समस्या मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आते ही उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तारीखों में बदलाव किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण किसी पात्र अभ्यर्थी को एक अवसर छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने के हर संभव अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। युवाओं की आकांक्षाओं और उनके भविष्य से जुड़े विषयों पर सरकार संवेदनशीलता के साथ त्वरित निर्णय लेगी।

अलग से करना होगा ऑनलाइन आवेदन

मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करना होगा। इस संबंध में विस्तृत सूचना छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से अलग से जारी की जाएगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा संबंधी नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

तारीखों में बदलाव से राहत

परीक्षा की तारीख बदलने से उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। अब उन्हें एक ही दिन होने वाली दो परीक्षाओं में से किसी एक को चुनने की मजबूरी नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page