नारायणपुर

अस्पताल की छत पर मिला भर्ती मरीज का शव, रात में बेड से हुआ था गायब

पेट दर्द की शिकायत पर 21 अगस्त को जिला अस्पताल में हुआ था भर्ती, रविवार सुबह परिजनों को दी थी लापता होने की सूचना; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

नारायणपुर। जिला अस्पताल में भर्ती एक मरीज का शव सोमवार सुबह अस्पताल की छत पर संदिग्ध अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। मरीज शनिवार रात अपने बेड से गायब हो गया था। रविवार सुबह अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना परिजनों को दी थी। सोमवार सुबह अस्पताल की छत पर शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

पेट दर्द की शिकायत पर भर्ती हुआ था मरीज

जानकारी के अनुसार बखरूपारा निवासी दीनबंधु तिग्गा (32) पिता बीरेंद्र को पेट दर्द की शिकायत के बाद 21 अगस्त को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। बताया गया कि शनिवार रात करीब 2 बजे के बाद दीनबंधु अपने बेड से अचानक गायब हो गया।

रविवार सुबह परिजनों को दी जानकारी

मरीज के बेड पर नहीं मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने रविवार सुबह उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन भी अपने स्तर पर दीनबंधु की तलाश में जुट गए। अस्पताल परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

छत पर संदिग्ध अवस्था में मिला शव

सोमवार सुबह अस्पताल के एक कर्मचारी को जिला अस्पताल की छत पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। कर्मचारी ने इसकी सूचना अस्पताल के उच्चाधिकारियों को दी। अधिकारियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की पहचान दीनबंधु तिग्गा के रूप में की।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की परिस्थितियों और मरीज के छत तक पहुंचने को लेकर भी पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page