नारायणपुर

वर्षा ऋतु में बीमारियों से बचाव के साथ आधुनिक खेती का दिया संदेश

लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने तैयार किए बुलेटिन, पैम्फलेट और लीफलेट का विमोचन, किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने पर जोर

केरलापाल (नारायणपुर)। वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, केरलापाल में सोमवार को जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न कृषि तकनीकों एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित बुलेटिन, पैम्फलेट, लीफलेट और पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। कार्यक्रम में वैज्ञानिक खेती के साथ वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने के मार्गदर्शन में तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन मरकाम एवं डॉ. पुष्पराज दीवान के सहयोग से किया गया। इसमें प्राध्यापकगण, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

स्वास्थ्य और कृषि दोनों पर केंद्रित रही शैक्षणिक सामग्री

कार्यक्रम में विमोचित शैक्षणिक सामग्री में वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां के साथ-साथ हाई-टेक कृषि, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, मशरूम उत्पादन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, सूक्ष्म सिंचाई, फसल संरक्षण तथा एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन जैसी आधुनिक कृषि तकनीकों की उपयोगी एवं वैज्ञानिक जानकारी शामिल की गई।

महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इन बुलेटिन, पैम्फलेट और लीफलेट का उद्देश्य किसानों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण समुदाय तक सरल भाषा में व्यवहारिक और वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाकर उन्हें आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक बनाना है।

जन-जागरूकता से समाज को मिलेगा लाभ

अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने ने कहा कि स्वास्थ्य और कृषि दोनों ही समाज के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। वर्षा ऋतु में बीमारियों से बचाव और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार समय की आवश्यकता है। ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज के हित में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों के रचनात्मक एवं सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को समृद्ध करती हैं, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का भी बोध कराती हैं। भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

विद्यार्थियों के प्रयासों को मिली सराहना

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई शैक्षणिक सामग्री की मुक्तकंठ से सराहना की गई। महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए समाजोपयोगी विषयों पर इसी तरह नवाचार आधारित गतिविधियां जारी रखने का आह्वान किया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page