माड़ मैत्री अभियान के तहत लगेगा ड्राइविंग लाइसेंस व यातायात जागरूकता शिविर
नारायणपुर पुलिस की पहल: सुरक्षित वाहन संचालन और सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों को किया जाएगा जागरूक

नारायणपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से नारायणपुर पुलिस द्वारा “माड़ मैत्री” अभियान के अंतर्गत 15 मई 2026, शुक्रवार को ड्राइविंग लाइसेंस एवं यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर क्रीड़ा परिसर, नारायणपुर में आयोजित होगा।
यह जानकारी देते हुए यातायात प्रभारी मोहसिन खान ने बताया कि शिविर में नागरिकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी, सुरक्षित वाहन संचालन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन तथा ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों का यातायात नियमों के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि शिविर में भाग लेने वाले आवेदकों को आधार कार्ड, 8वीं अथवा 10वीं की मार्कशीट, 6 पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर तथा आवश्यकतानुसार छत्तीसगढ़ मूल निवासी प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। शिविर में केवल रजिस्ट्रेशन शुल्क लिया जाएगा।
यातायात प्रभारी मोहसिन खान ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के साथ यातायात नियमों की जानकारी प्राप्त करना प्रत्येक वाहन चालक के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
सड़क सुरक्षा का संदेश
“यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें – स्वस्थ रहें” के संदेश के साथ आयोजित यह शिविर लोगों में जिम्मेदार वाहन संचालन की भावना विकसित करने का प्रयास करेगा। नारायणपुर पुलिस की यह पहल जागरूकता और जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




