बाढ़ से निपटने नगर सेना मुस्तैद, बिंजली डेम में मॉक ड्रिल
आपदा की स्थिति में 10 से 12 लोगों को एक साथ रेस्क्यू करने की तैयारी, बचाव सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था

नारायणपुर। मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर बुधवार को जिला मुख्यालय के समीप स्थित बिंजली डेम में आपदा प्रबंधन के तहत नगर सेना के जवानों ने मॉक ड्रिल कर बाढ़ बचाव की तैयारियों को परखा। मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, वन, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, जनपद पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के साथ तत्काल प्राथमिक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारियों का परीक्षण करना रहा। नगर सेना के जवानों ने मौके पर उपलब्ध बचाव संसाधनों का उपयोग करते हुए रेस्क्यू प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
10 से 12 लोगों को एक साथ बचाने की क्षमता
जिला नगर सेनानी मनोहर लाल चौहान ने बताया कि मानसून के दौरान बाढ़ की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए नगर सेना पूरी तरह मुस्तैद है। आपदा प्रबंधन के तहत आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को तैयार रखा गया है। उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के लिए कैंप भी स्थापित किए जाएंगे।
बाढ़ बचाव के लिए नगर सेना के पास एल्युमिनियम बोट उपलब्ध है, जिसके माध्यम से एक बार में करीब 10 से 12 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सकता है। मॉक ड्रिल के जरिए जवानों ने आपात स्थिति में बचाव कार्य को तेजी और सुरक्षित तरीके से संचालित करने का अभ्यास किया।
विभागों के बीच समन्वय पर जोर
प्रशासन ने बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया है। राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित लोगों की पहचान और राहत व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक उपचार तथा नगर सेना द्वारा बचाव एवं रेस्क्यू की जिम्मेदारी निभाने की तैयारी की गई है। मॉक ड्रिल के दौरान इन व्यवस्थाओं को व्यावहारिक रूप से परखा गया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर बिरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान, खाद्य अधिकारी अल्लाहउद्दीन खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




