अबूझमाड़ की राह पर फिर दौड़ी बसें, नारायणपुर–ओरछा मार्ग पर सेवा नियमित
कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, मार्ग से हटाई अव्यवस्था; तीन बसें तय समय-सारणी से संचालित, यात्रियों को मिली बड़ी राहत

नारायणपुर। अबूझमाड़ के प्रवेश द्वार नारायणपुर से ओरछा तक सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। नारायणपुर–ओरछा मार्ग पर बस सेवा अब निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से संचालित हो रही है। यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी ने परिवहन उड़नदस्ता और यातायात टीम के साथ मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग पर आवागमन में बाधा बन रही अव्यवस्थित वस्तुओं को हटाकर व्यवस्थित कराया गया। इसके बाद बसों के सुचारू आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराया गया। परिवहन विभाग की टीम ने बस संचालक से चर्चा कर संचालन व्यवस्था और निर्धारित समय-सारणी की जानकारी ली। साथ ही बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तीन बसें, तय समय पर संचालन
वर्तमान में नारायणपुर–ओरछा मार्ग पर तीन बस सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो रही हैं।
पहली बस सुबह 10:30 बजे नारायणपुर से ओरछा के लिए रवाना होती है और दोपहर 2:30 बजे नारायणपुर वापस आती है।
दूसरी बस दोपहर 3:30 बजे नारायणपुर से ओरछा के लिए रवाना होती है और अगले दिन सुबह 7 बजे नारायणपुर वापस पहुंचती है।
तीसरी बस शाम 5:30 बजे नारायणपुर से ओरछा के लिए रवाना होती है और अगले दिन सुबह 8 बजे नारायणपुर लौटती है।
अबूझमाड़ जाने वालों के लिए बड़ी राहत
नारायणपुर–ओरछा मार्ग अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है। नियमित बस सेवा से ओरछा सहित मार्ग में आने वाले गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विशेषकर उपचार, शिक्षा, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए नारायणपुर आने वाले ग्रामीणों के लिए नियमित परिवहन व्यवस्था महत्वपूर्ण है।
समय-सारणी बिगड़ी तो होगी निगरानी
जिला परिवहन अधिकारी ने बस संचालक को स्पष्ट रूप से निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप नियमित बस संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए विभाग द्वारा मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की इस पहल से नारायणपुर–ओरछा मार्ग पर परिवहन व्यवस्था पटरी पर लौटने के साथ अबूझमाड़ के ग्रामीण अंचलों की जिला मुख्यालय से कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।




