नारायणपुर

अब शादी का प्रमाण पत्र चंद घंटों में: सेवा सेतु केंद्र ने खत्म किए सरकारी दफ्तरों के चक्कर

नेतानार के दंपति को आवेदन के दिन ही मिला विवाह प्रमाण पत्र | घर के नजदीक मिली डिजिटल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवा, जिला प्रशासन का जताया आभार

नारायणपुर। सरकारी कार्यालयों के चक्कर, लंबी प्रतीक्षा और कागजी प्रक्रिया से राहत दिलाने की दिशा में नारायणपुर जिले के सेवा सेतु केंद्र आमजन के लिए भरोसेमंद व्यवस्था बनकर उभरे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप संचालित इस पहल का सकारात्मक परिणाम अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। इसका ताजा उदाहरण ग्राम नेतानार के एक दंपति को मिला, जिन्हें आवेदन करने के उसी दिन विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

ग्राम नेतानार निवासी फूलसिंह पोटाई एवं उनकी पत्नी रामबती पोटाई ने विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सेवा सेतु केंद्र में आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित समय से भी पहले उसी दिन उनका विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। त्वरित और सहज सेवा मिलने पर दंपति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं राज्य शासन का आभार जताया।

फूलसिंह पोटाई ने बताया कि पहले विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑफलाइन आवेदन करना पड़ता था। इसके लिए कई बार अलग-अलग शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। कई दिनों तक प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार भी करना पड़ता था।

उन्होंने बताया कि इस बार सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन करते ही प्रक्रिया तुरंत शुरू हुई और उसी दिन विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया। इससे उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा और न ही कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने पड़े।

ग्रामीणों को घर के पास मिल रही डिजिटल सुविधा

जिला प्रशासन के अनुसार सेवा सेतु केंद्रों का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को उनके घर के निकट ही डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे छोटे-छोटे कार्यों के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य शासकीय कार्यालयों तक बार-बार जाने की आवश्यकता समाप्त हो रही है। आम नागरिकों का समय बचने के साथ-साथ अनावश्यक खर्च में भी कमी आ रही है।

सुशासन की दिशा में प्रभावी पहल

फूलसिंह पोटाई ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनकल्याणकारी सोच के अनुरूप संचालित सेवा सेतु केंद्र जैसी व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें सरल, त्वरित और पारदर्शी शासकीय सेवाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करने का भी माध्यम बन रही है।

आमजन का बढ़ रहा भरोसा

जिला प्रशासन का मानना है कि सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से समयबद्ध और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का शासन के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया आसान हुई है, जिससे ग्रामीणों को बिना अनावश्यक परेशानी के विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ समय पर मिल रहा है। सेवा सेतु केंद्र अब जिले में सुशासन और जनसुविधा का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page