बिजली लाइन में फंसा हाईवा, छोटेडोंगर व डुरकाडोगरी में ब्लैकआउट
आमदई माइंस में स्विफ्टर से हाईवा उतारने के दौरान तीन स्थानों पर बिजली के तार क्षतिग्रस्त, घंटों बाधित रही बिजली; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Santosh, Majumdar.
नारायणपुर/छोटेडोंगर। आमदई माइंस क्षेत्र में बुधवार को खनन कार्य के दौरान हुई एक घटना से छोटेडोंगर और डुरकाडोगरी की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। जानकारी के अनुसार, आमदई माइंस में स्विफ्टर से हाईवा वाहन उतारे जाने के दौरान हाईवा ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन में फंस गया। इससे छोटेडोंगर के समीर किराना स्टोर के समीप तीन स्थानों पर बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए। तार क्षतिग्रस्त होने से छोटेडोंगर और डुरकाडोगरी की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई और दोनों क्षेत्रों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और विद्युत विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत शुरू कराई। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए विद्युत विभाग की टीम देर तक सुधार कार्य में जुटी रही।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आमदई माइंस में भारी वाहनों का संचालन लगातार बढ़ने से क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। उनका कहना है कि खनन कार्य से जुड़े वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन सड़क पर अव्यवस्था की स्थिति बनती है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और राहगीरों को होती है, जिन्हें भारी वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और खदान प्रबंधन से मांग की है कि खनन कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, भारी वाहनों के संचालन की निगरानी बढ़ाई जाए तथा कस्बे से गुजरने वाले वाहनों की गति पर नियंत्रण किया जाए। साथ ही स्कूल समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और विद्युत लाइनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
घटना एक नजर में
- बुधवार को आमदई माइंस में स्विफ्टर से हाईवा उतारा जा रहा था।
- हाईवा ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन में फंस गया।
- समीर किराना स्टोर के पास तीन स्थानों पर बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए।
- छोटेडोंगर और डुरकाडोगरी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
- सूचना पर पुलिस और विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई।
- घटना के बाद क्षेत्र में घंटों ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही।




