पूर्व कोषाध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेस का प्रदर्शन
तहसील कार्यालय के सामने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का पुतला दहन, भाजपा पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

नारायणपुर। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने तहसील कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई, जिसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केंद्रीय एवं राज्य की विभिन्न जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि एजेंसियों का उपयोग कांग्रेस नेताओं की छवि धूमिल करने, उन्हें डराने और राजनीतिक दबाव बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी को इसी कार्रवाई का हिस्सा बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए जांच एजेंसियों का सहारा लिया जा रहा है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडीराम वड्डे, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला महासचिव रवि देवांगन, जिला महासचिव संजय राय, शेख तौहीद अहमद, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, एनएसयूआई प्रदेश सचिव एवं पार्षद जय वट्टी, एनएसयूआई अध्यक्ष एवं पार्षद विजय सलाम, कोषाध्यक्ष वी.पी. शुक्ला, ओबीसी कांग्रेस अध्यक्ष माधेश्वर जैन, नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद नैलवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




