नारायणपुर

माड़ मैत्री अभियान के तहत लगा विशाल ड्राइविंग लाइसेंस शिविर

नारायणपुर में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त पहल, दूरस्थ अंचलों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीण

सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियम और ऑनलाइन प्रक्रिया की दी गई जानकारी, युवाओं ने बढ़-चढ़कर कराया पंजीयन

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। सामुदायिक पुलिसिंग और जनसहभागिता को मजबूत करने की दिशा में नारायणपुर पुलिस द्वारा “माड़ मैत्री” अभियान के तहत शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित क्रीड़ा परिसर में विशाल ड्राइविंग लाइसेंस एवं यातायात जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों, युवाओं और वाहन चालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

मौके पर ही मिला मार्गदर्शन और पंजीयन सुविधा

शिविर में नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, लर्निंग लाइसेंस तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी सरल भाषा में दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों का मौके पर ही पंजीयन कर उन्हें विधिक प्रक्रिया से जोड़ा गया।

शिविर के संचालन में जिला परिवहन कार्यालय नारायणपुर और परिवहन सुविधा केंद्र की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यालय अधीक्षक राजाराम घृतलहरे, डाटा एंट्री ऑपरेटर लीलम्बर नायक, विक्रम सिंह राणा तथा परिवहन सुविधा केंद्र के नीतिश शील, मोहम्मद जैद और आकाश बघेल ने दस्तावेजों की जांच कर आवेदकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।

सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

यातायात पुलिस द्वारा आयोजित विशेष जागरूकता सत्र में सड़क सुरक्षा नियमों, ट्रैफिक संकेतों, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता पर विस्तार से जानकारी दी गई। नागरिकों को “सुरक्षित यातायात – सुरक्षित जीवन” का संदेश देते हुए नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश भी दी गई।

अबूझमाड़ क्षेत्र के युवाओं की सक्रिय भागीदारी

शिविर में छोटे डोंगर, एडका, भरंडा और ओरछा क्षेत्र से आए युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। बड़ी संख्या में युवाओं ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर शासन की सुविधाओं से जुड़ने की दिशा में सकारात्मक पहल की। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रयास युवाओं को विधिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

“विग्रह से विश्वास” की दिशा में पहल

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि नारायणपुर पुलिस के “माड़ मैत्री” अभियान का ध्येय वाक्य “विग्रह से विश्वास” केवल संदेश नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास निर्माण की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए परिवहन विभाग और पुलिस टीम के आपसी समन्वय की सराहना की।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ना, युवाओं को जागरूक करना तथा पुलिस और जनता के बीच आत्मीय संबंध स्थापित करना है। नारायणपुर पुलिस भविष्य में भी जन-जागरूकता और जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page