स्वास्थ

जिला अस्पताल में शुरू हुई डेंटल सर्जरी सेवा, अब नहीं जाना पड़ेगा बाहर

विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता अभियान, रोजाना 30-35 मरीजों का हो रहा उपचार

(कैलाश सोनी) नारायणपुर, 22 मार्च 2026। जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला चिकित्सालय नारायणपुर में डेंटल सर्जरी सेवा का शुभारंभ किया गया है। इस नई सुविधा के शुरू होने से अब जिले के मरीजों को दांतों से संबंधित जटिल सर्जरी के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को बेहतर, सुलभ और समय पर उपचार मिल सकेगा।

डेंटल सर्जरी सेवा की शुरुआत दंत चिकित्सक डॉ. अखिलेश्वरी ठाकुर एवं डॉ. सियांबर द्वारा की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल जिले में गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम साबित होगी।

इसी अवसर पर विश्व मुख स्वास्थ्य दिवस के तहत जिले में व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान लोगों के दांतों की जांच कर उन्हें दंत रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. विनोद भोयर ने बताया कि अस्पताल के दंत चिकित्सा विभाग में मुख स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अखिलेश्वरी ठाकुर के नेतृत्व में न केवल अस्पताल में बल्कि जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में भी शिविर लगाकर लोगों को दंत रोगों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 30 से 35 मरीजों की ओपीडी दर्ज हो रही है। यहां मरीजों को दांतों की जांच, उपचार और निदान की समुचित सुविधाएं मिल रही हैं। अक्ल दाढ़ में दर्द और सूजन, दांतों की सड़न, मसूड़ों से खून या मवाद आना, तथा मुंह में बिना दर्द की सूजन या गांठ जैसी समस्याओं का प्रभावी उपचार किया जा रहा है।

जिला चिकित्सालय में डेंटल सर्जरी सेवा की शुरुआत और लगातार चल रहे जागरूकता अभियान से यह स्पष्ट है कि स्वास्थ्य विभाग जिले के लोगों को बेहतर और आधुनिक मुख स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गंभीर प्रयास कर रहा है। यह पहल आने वाले समय में जिलेवासियों के लिए काफी राहतकारी साबित होगी।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page