शिक्षा

इंटर्नशिप प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र व प्रोत्साहन राशि वितरित

नारायणपुर। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय इंटर्नशिप कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विद्यालय में संचालित इस इंटर्नशिप कार्यक्रम में आईटी संकाय के 77 तथा हेल्थ केयर संकाय के 56 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान आईटी संकाय के विद्यार्थियों को व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से जन शिक्षण संस्थान नारायणपुर में प्रशिक्षण दिया गया, वहीं हेल्थ केयर संकाय के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अनुभव प्रदान करने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर हॉस्पिटल में इंटर्नशिप कराई गई।

समापन अवसर पर प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के महत्व और उससे मिलने वाले व्यावहारिक अनुभव की जानकारी दी। विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस इंटर्नशिप कार्यक्रम का संचालन आईटी ट्रेनर भावना नाग एवं हेल्थ केयर ट्रेनर वर्षा रानी साहा द्वारा किया गया। प्राचार्य के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

विद्यालय परिवार ने इस पहल को विद्यार्थियों के व्यावसायिक कौशल विकास के लिए उपयोगी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page