जगदलपुर

शहर में ओवरस्पीडिंग पर सख्ती, भारी वाहनों के प्रवेश समय में बदलाव

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर हरिस एस के निर्देश

जगदलपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार शाम जिला कार्यालय के आस्था सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर हरिस एस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट वाले मार्गों पर वाहनों की निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि ओवरस्पीडिंग सड़क हादसों का मुख्य कारण है, इसलिए यातायात विभाग लगातार निगरानी रखे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे।

कलेक्टर ने शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश समय पर विशेष जोर देते हुए कहा कि तय समय सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए। बैठक में बस्तर चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स, व्यापारी संघ और बस्तर परिवहन संघ के प्रतिनिधियों की सहमति से यह निर्णय लिया गया कि सुबह 7:30 बजे से रात 9:00 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
साथ ही सामान खाली करने के बाद दोपहर 12 से 2 बजे के बीच भारी वाहनों को शहर से बाहर निकालने की समय-सीमा निर्धारित की गई। शहर में अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हांकित करने के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

डीजे, रैली और बारात पर निगरानी

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बिना अनुमति के मुख्य मार्गों पर डीजे, रैली और बारात निकालने पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और सड़क सुरक्षा प्रभावित न हो।

ब्लैक स्पॉट सुधार पर जोर

जिले के सभी ब्लैक स्पॉट का परीक्षण करते हुए कलेक्टर ने दुर्घटनाओं के कारणों और सुधारात्मक कदमों की समीक्षा की। उन्होंने आवश्यक स्थानों पर ट्रैफिक संकेतक, चेतावनी बोर्ड, रबर स्पीड ब्रेकर, ज़ेब्रा क्रॉसिंग और ट्रैफिक कॉलिंग सहित अन्य सुरक्षा उपाय तुरंत स्थापित करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया गया।

आवारा मवेशियों और प्रकाश व्यवस्था पर निर्णय

सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों को हटाकर चिन्हांकित गौशालाओं में रखने तथा उनके सींगों पर रेडियम लगवाने पर समिति ने सहमति जताई।
इसके अलावा शहर के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे तथा ग्राम पंचायत स्तर पर रात्रिकालीन स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में अपर कलेक्टर ऋषिकेश तिवारी, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, आरटीओ डी.सी. बंजारे सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page