समय सीमा की बैठक: धान खरीदी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर, नियद नेल्लानार योजना के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश


नारायणपुर, 19 नवम्बर 2024//साप्ताहिक समय सीमा बैठक में जिला प्रशासन ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। यह बैठक कलेक्टर श्री बिपिन मांझी के निर्देशानुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वासु जैन और अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में नियद नेल्लानार योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई और सभी विभागीय अधिकारियों से शीघ्र कार्यों को पूरा करने के लिए कहा गया। इन कार्यों में पेयजल, सड़क निर्माण, वनाधिकार पट्टा वितरण, सौर ऊर्जा, नलजल योजना, अस्पतालों, आंगनबाड़ी और उपस्वास्थ्य केंद्रों का संचालन, तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा से किसानों को लाभान्वित करने के प्रयास शामिल हैं।
धान खरीदी केंद्रों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने धान खरीदी केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रों में बारदाना, पेयजल, छाया, शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही, उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषण ट्रैकर और स्कूल शिक्षा विभाग के स्कूल जनत कार्यक्रम की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए भी निर्देश दिए।
समय सीमा में लंबित मामलों के समाधान पर ध्यान
जिला अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे समय सीमा के लंबित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर पहुंचे। साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री जनमन, और राशन सामग्री की आपूर्ति से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए कहा।
महिला एवं बाल विकास, कृषि और कौशल विकास योजनाओं की समीक्षा
अपर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि, कौशल विकास और नगरपालिका परिषद द्वारा संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने पशुधन विकास विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि पशुधन के टीकाकरण के लिए शिविर आयोजित किए जाएं। साथ ही, नारायणपुर मेनरोड़ पुलिया निर्माण कार्य, पेयजल विद्युतीकरण, और सड़क निर्माण जैसे लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए भी निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और विश्व शौचालय दिवस 2024
बैठक के बाद विश्व शौचालय दिवस 2024 के अवसर पर जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की बैठक भी आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला सीईओ ने बताया कि 19 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक “हमर शौचालय, हमर सम्मान” थीम पर शौचालय दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान ओडीएफ प्लस मॉडल ग्रामों की घोषणा, घर-घर से कचरा संग्रहण, और व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
अधिकारियों को प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, फीकल स्लज मैनेजमेंट, और सामुदायिक शौचालय निर्माण की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।




