नवोदय में नवाचार की नई उड़ान, अटल टिंकरिंग लैब का शुभारंभ
स्थापना दिवस पर बस्तर से बिहू तक सजा संस्कृति का मंच, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा; कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा—प्रयोग और नवाचार से विचारों को मिलेगा आकार

नारायणपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय, नारायणपुर में रविवार को नवोदय स्थापना दिवस उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के बीच मनाया गया। स्थापना दिवस समारोह का आकर्षण विद्यालय परिसर में शुरू हुई अटल टिंकरिंग लैब रही। मुख्य अतिथि कलेक्टर नम्रता जैन ने लैब का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक मॉडल और तकनीकी प्रयोगों से नवाचार की झलक दिखाई।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, विद्यालय के प्राचार्य के. कमला पादम, पालक-शिक्षक परिषद के अध्यक्ष चंद्रभान सहारे सहित परिषद के अन्य सदस्य और विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
विचारों को प्रयोग में बदलने का मिलेगा अवसर
अटल टिंकरिंग लैब के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि यह लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों और कल्पनाओं को प्रयोग तथा नवाचार के जरिए वास्तविक रूप देने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर नए प्रयोग करने और सीखने के लिए प्रोत्साहित किया।
बस्तर से बिहू तक… मंच पर दिखी भारत की रंगीन तस्वीर
लैब के शुभारंभ के बाद विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यालय के प्राचार्य के. कमला पादम के स्वागत भाषण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए नवोदय विद्यालय की स्थापना एवं इसके प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी के योगदान को याद किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने बस्तर, मराठी, गुजराती, बिहू और संबलपुरी नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अलग-अलग राज्यों और अंचलों की लोकसंस्कृति को मंच पर उतारते विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक विविधता की ऐसी इंद्रधनुषी छटा बिखेरी कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
प्रतिभा और अनुशासन का संगम हैं नवोदय के विद्यार्थी
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने कहा कि नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी प्रतिभाशाली और अनुशासित होते हैं। विद्यालय में उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होते हैं।
कलेक्टर नम्रता जैन ने शिक्षा के साथ सहगामी गतिविधियों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय श्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों में शामिल है, जहां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। शिक्षा के साथ खेल, कला, संस्कृति और अन्य गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में मिलने वाले प्रत्येक अवसर का लाभ उठाने और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
अरुणाचल की छात्राओं ने साझा की अपनी संस्कृति
समारोह के दौरान विद्यार्थियों और अतिथियों के बीच संवाद के कई प्रेरणादायक क्षण भी देखने को मिले। अरुणाचल प्रदेश की प्रवजनन छात्राओं ने अतिथियों के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को साझा किया। सांस्कृतिक आदान-प्रदान के इस अवसर ने कार्यक्रम में राष्ट्रीय एकता और विविधता में एकता का संदेश भी मजबूत किया।
उत्साह, प्रेरणा और गौरव का यादगार दिन
नवोदय स्थापना दिवस विद्यालय परिवार के लिए उत्साह, प्रेरणा और गौरव से भरा यादगार अवसर रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेंद्र यदु तथा छात्राओं फाल्गुनी एवं त्रियांशी ने किया। अंत में महिपाल सिंह ने आभार प्रदर्शन किया। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।




