नारायणपुर

माड़ मैत्री अभियान से अबूझमाड़ में खेती को नई दिशा

80 ग्रामीणों को आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण, बीज, साइकिल और पानी की टंकी वितरित

नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि आधारित आजीविका को मजबूत करने की दिशा में संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के तहत शनिवार को कस्तूरमेटा कैंप में कृषि जागरूकता प्रशिक्षण एवं उपयोगी सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को आधुनिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों और बीज रोपण के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी गई, वहीं कृषि कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए बीज, साइकिल और पानी की टंकी का वितरण भी किया गया।

नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया तथा 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में आयोजित इस सिविक एक्शन कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ गांवों के किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

खेती की नई तकनीकों से कराया परिचित

प्रशिक्षण सत्र में ग्रामीणों को उन्नत बीजों के चयन, रोपण की वैज्ञानिक विधियों, फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि बेहतर खेती की तकनीकों को अपनाकर किसान कम संसाधनों में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

बीज, साइकिल और पानी की टंकी का वितरण

कार्यक्रम के दौरान कृषि उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से किसानों को बीज वितरित किए गए। वहीं ग्रामीणों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए साइकिल और पानी की टंकियां भी प्रदान की गईं। सामग्री वितरण से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

महिलाओं की रही उल्लेखनीय भागीदारी

कार्यक्रम में कुल 80 ग्रामीणों ने भाग लिया, जिनमें 45 महिलाएं और 35 पुरुष शामिल रहे। कस्तूरमेटा, कटूलनार, पुलिसपारा, हिक्का पारा, इंकनार, पिंडिका और डूमनार गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया।

ग्रामीणों ने जताया संतोष

ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी जरूरतों को पूरा करने में भी मददगार साबित हो रहे हैं। उनका कहना था कि इससे खेती के प्रति नई सोच विकसित हो रही है और रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास

नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी द्वारा संयुक्त रूप से संचालित “माड़ मैत्री” अभियान के माध्यम से अबूझमाड़ क्षेत्र के ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और कृषि जैसे क्षेत्रों में भी नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page