बेनूर में नि:शुल्क आयुष स्वास्थ्य मेले में उमड़े ग्रामीण
वातरोग से लेकर स्त्रीरोग तक की जांच व उपचार, आयुर्वेदिक दवाइयों का नि:शुल्क वितरण; स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

नारायणपुर। जिला आयुष अधिकारी डॉ. सतेंद्र नाथ के निर्देशानुसार विकासखंड नारायणपुर के साप्ताहिक बाजार स्थल बेनूर में शनिवार को नि:शुल्क खंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नि:शुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा, स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।

स्वास्थ्य मेले में वातरोग, गठियावाद, चर्मरोग, उदररोग, कृमिरोग तथा स्त्रीरोग सहित विभिन्न प्रकार की बीमारियों से पीड़ित मरीजों का आयुर्वेदिक पद्धति से परीक्षण एवं उपचार किया गया। साथ ही आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियों का नि:शुल्क वितरण भी किया गया।
मेले के दौरान चिकित्सकों ने ग्रामीणों को रोगों की रोकथाम, संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण और बीमारियों की रोकथाम के उपायों पर भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य मेले में आयुष चिकित्सक डॉ. पुष्पेंद्र भदौरिया, डॉ. धनेश्वर साहू, फार्मासिस्ट अरुण वैष्णव, फार्मासिस्ट कुलेश्वरी चंद्रवंशी तथा स्वास्थ्य सेवक मीना पुजारी सहित आयुष विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए ऐसे स्वास्थ्य मेलों का नियमित आयोजन किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।




