बेनूर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे कलेक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत
भवन मरम्मत, चिकित्सकों की उपलब्धता और गंभीर मरीजों के त्वरित रेफरल के दिए निर्देश, दवाइयों की एक्सपायरी पर भी रखी पैनी नजर

नारायणपुर, 06 जुलाई। जिले के दूरस्थ बेनूर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर नम्रता जैन ने रविवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा भवनों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को आवश्यक उपचार, दवाइयां और चिकित्सकीय सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की एक्सपायरी की नियमित जांच सुनिश्चित करने, आपातकालीन परिस्थितियों में चिकित्सकों की उपलब्धता बनाए रखने तथा गंभीर मरीजों को बिना किसी विलंब के जिला अस्पताल रेफर करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकीय स्टाफ के लिए ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
मरीज से मिले, उपचार की जानकारी ली
कलेक्टर नम्रता जैन ने अस्पताल में भर्ती मरीज किरको मांझी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उपचार से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और उपस्थित चिकित्सकों को मरीज का समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वार्ड, दवा कक्ष और चिकित्सक आवास का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंजीयन काउंटर, औषधि वितरण कक्ष, वार्ड, चिकित्सक आवास तथा अस्पताल के अन्य आवश्यक कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरम्मत योग्य भवनों की तत्काल मरम्मत कराने और भवनों में सीपेज की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टी.आर. कंवर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।




