धान खरीदी में किसानों को राहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर दो दिन बढ़ी खरीदी अवधि
5 और 6 फरवरी को भी खरीदी केंद्रों पर होगा धान विक्रय

रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी की प्रक्रिया को लेकर किसानों को बड़ी राहत दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस की व्यवस्था की गई है। इसके तहत 5 और 6 फरवरी 2026 को भी खरीदी केंद्रों पर धान की खरीदी की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, इस अतिरिक्त अवधि का लाभ तीन श्रेणियों के किसानों को मिलेगा। पहली श्रेणी में वे किसान शामिल हैं, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका सत्यापन नहीं हो पाया था। दूसरी श्रेणी में वे किसान हैं, जिनके आवेदन 10 जनवरी के बाद स्वीकार हुए और सत्यापन के बाद उनके पास धान पाया गया है। तीसरी श्रेणी में वे किसान शामिल हैं, जिन्हें 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन मिला था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर सके।
किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए खरीदी केंद्रों पर बारदाना और हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। परिवहन और तौल व्यवस्था को सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया है, ताकि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
राज्य सरकार के इस निर्णय से अंतिम दिनों में टोकन और सत्यापन संबंधी कारणों से वंचित रह गए किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासन का कहना है कि व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी किसान की उपज खरीदी से वंचित न रहे और उन्हें समय पर भुगतान की प्रक्रिया में जोड़ा जा सके।
सरकार के इस कदम को किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित व सुचारु विक्रय के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।




