नारायणपुर

अबूझमाड़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी

नक्सलियों का विशाल डंप ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक और आईईडी बरामद

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत अबूझमाड़ अंचल में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के बीच सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। नारायणपुर जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिस और (आईटीबीपी) की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा का डंप बरामद किया गया, वहीं एक प्रेशर कुकर आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार 31 जनवरी 2026 को 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के मार्गदर्शन में नारायणपुर पुलिस डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच सघन जंगलों में ज्वॉइंट सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान ग्राम भोटोर के समीप जंगलों में नक्सलियों का एक विशाल डंप सामने आया, जिसे घेराबंदी कर जब्त किया गया।

भारी मात्रा में विस्फोटक व रसद बरामद

तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी संख्या में डेटोनेटर सहित विस्फोटक सामग्री मिली। इसके अलावा नक्सलियों के लिए जुटाई गई रसद—बड़े ड्रम, राशन सामग्री और दैनिक उपयोग का अन्य साजो-सामान भी बरामद किया गया। यह डंप नक्सलियों की बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

प्रेशर कुकर आईईडी मौके पर नष्ट

सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को एक प्रेशर कुकर आईईडी भी मिला। संभावित खतरे को देखते हुए आईटीबीपी की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आईईडी को मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट कर सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।

कोई जनहानि नहीं, जवान सुरक्षित

पूरे अभियान के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सभी जवान बरामद सामग्री के साथ सुरक्षित अपने कैंप लौट आए। सुरक्षाबलों की सतर्कता और पेशेवर कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।

शांति और विकास की ओर कदम

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अबूझमाड़ क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नक्सली नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी ऐसे सघन सर्च ऑपरेशन जारी रहेंगे। सुरक्षाबलों की यह लगातार मुस्तैदी न सिर्फ नक्सलियों की कमर तोड़ रही है, बल्कि क्षेत्र में शांति, विश्वास और विकास का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है।

“नक्सलवाद के विरुद्ध हमारा अभियान निरंतर जारी है। सुरक्षा बलों की यह सफलता क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास की दिशा में अहम कदम है।”

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page