ज्ञान और अनुभव का संगम: शासकीय उमावि भाटपाल के विद्यार्थियों का औद्योगिक भ्रमण

नारायणपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाटपाल में संचालित नवीनतम व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को औद्योगिक परिवेश से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। प्रोग्राम अपग्रेड एजुकेशन के तहत कक्षा 9वीं एवं 11वीं के छात्र–छात्राओं को एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण पर ले जाया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा।

यह औद्योगिक भ्रमण विद्यालय के प्राचार्य भरत चंद्र देहारी के सशक्त नेतृत्व एवं प्रेरणा से आयोजित हुआ। कार्यक्रम का समन्वय टेलीकॉम ट्रेड की व्यावसायिक प्रशिक्षक चोवालाल देवांगन के मार्गदर्शन में किया गया, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने भाटपाल स्थित बीएसएनएल टावर का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान बीएसएनएल टावर में प्रयुक्त नवीनतम तकनीकी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। टेक्नीशियन शत्रुघन कोर्राम ने विद्यार्थियों को ऑप्टिकल फाइबर वायरिंग प्रणाली, 2जी, 3जी व 4जी नेटवर्क, कंट्रोल पैनल व कंट्रोल बॉक्स, सोलर पैनल, बैटरी कक्ष, तड़ित चालक उपकरण, एंटीना, स्प्लाइसिंग तकनीक, स्प्लाइसिंग के प्रकार, उपकरणों की मेंटेनेंस एवं रखरखाव सहित तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने टावर स्टेशन में उपकरणों को प्रत्यक्ष देखकर उत्साह और जिज्ञासा व्यक्त की।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि नवीन व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक रूप से सक्षम बनाना है। इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, आत्मजागरूकता, कार्यकुशलता तथा रोजगारोन्मुखी दृष्टिकोण का विकास होता है। विद्यार्थियों ने भी कहा कि उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का सुनहरा अवसर मिला और भविष्य के करियर को लेकर स्पष्ट दिशा प्राप्त हुई।
इस औद्योगिक भ्रमण में कक्षा 9वीं के 25 बालक व 25 बालिकाएं तथा कक्षा 11वीं के 13 बालक व 10 बालिकाओं ने सहभागिता की। वहीं बीएसएनएल टावर स्टेशन पर तैनात सीएएफ जवानों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि यह नवीनतम व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम वर्ष 2015 से छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में संचालित किया जा रहा है, जो विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा की दिशा में सशक्त आधार प्रदान कर रहा है।




