नारायणपुर में शहीद स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नारायणपुर, 21 अक्टूबर 2024: आज रक्षित केंद्र नारायणपुर में शहीद स्मृति दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें शहीद जवानों की शहादत को याद करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किया गया और शोक सलामी दी गई।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की अगुवाई में नारायणपुर पुलिस ने शहीद हुए पुलिस कर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीदों के परिवार के सदस्यों को श्रीफल और साल भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानने का कार्य भी किया गया।

स्मृति दिवस पर उपस्थित सभी ने पुष्पांजलि अर्पित की और शहीदों की वीरता को याद किया। कार्यक्रम में कलेक्टर विपीन मांझी, अति. पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया, और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हर वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है, ताकि 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद किया जा सके। यह दिन उन सभी पुलिस कर्मियों की बहादुरी और सेवा को श्रद्धांजलि देने के लिए समर्पित है।
कार्यक्रम के अंत में शहीद परिवार के सदस्यों के साथ मीटिंग कर उनकी समस्याओं को सुना गया और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया। इस कार्यक्रम में जिला पुलिस बल, आईटीबीपी, बीएसएफ के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।




