नारायणपुर

हनुमान जन्मोत्सव पर नारायणपुर में आस्था का सैलाब

भव्य शोभायात्रा में अघोरी बाबा, बाहुबली हनुमान व शिव-पार्वती की झांकियां आकर्षण का केंद्र, जयघोष से गूंजा नगर

नारायणपुर। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नगर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। तहसील कार्यालय के सामने स्थित श्री हनुमान मंदिर से सायंकाल भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवक-युवतियां और महिलाएं शामिल हुए। पूरे नगर में दिनभर उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।

शोभायात्रा में सजे-धजे रथों पर अघोरी बाबा, बाहुबली हनुमान तथा शिव-पार्वती की मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति और आकर्षक वेशभूषा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान “जय श्री राम” और “जय बजरंग बली” के गगनभेदी जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। शोभायात्रा पुनः मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर नगर व क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

कार्यक्रम के पश्चात रात्रि में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और उत्साह देखते ही बन रहा था।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी यह भव्य धार्मिक आयोजन श्री श्री हनुमान मंदिर समिति, नारायणपुर के तत्वावधान में संपन्न हुआ। समिति के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों के सहयोग से आयोजित यह आयोजन नगर की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page