बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से हों स्थापना दिवस सप्ताह के कार्यक्रम: पांडेय
भाजपा कार्यालय में कार्ययोजना बैठक सम्पन्न, अंबेडकर जयंती सहित आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा पदाधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, जनसंपर्क गतिविधियों को मजबूत करने पर जोर

नारायणपुर। जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर कार्ययोजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक मनाए जाने वाले भाजपा स्थापना दिवस सप्ताह तथा 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई। इस दौरान संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक सक्रिय रूप से संचालित करने और जनसंपर्क को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक जिला संगठन प्रभारी सुधीर पांडेय के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा और संकल्प का अवसर है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिन्हें बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में जिलाध्यक्ष संध्या पवार, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, वरिष्ठ नेता बृजमोहन देवांगन, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रमशीला नाग, जिला महामंत्री संदीप कुमार झा एवं पूर्व जिला महामंत्री संजय नंदी मंचासीन रहे।
जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने कहा कि स्थापना दिवस सप्ताह और अंबेडकर जयंती के माध्यम से पार्टी की विचारधारा, संविधान के प्रति सम्मान और सेवा भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक संदीप कुमार झा ने बताया कि जिले के सभी मंडलों और बूथों पर तय कार्यक्रमों का व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री पंकज जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला मंत्री शांतु दुग्गा ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




