नन्हें रोज़ेदारों की मेहनत को सलाम, हाजियों के इस्तकबाल से सजा मंच
नारायणपुर में “नन्हें रोज़ेदार – हाजियों का इस्तकबाल 2026” कार्यक्रम का भव्य आयोजन, बच्चों और हाजियों का सम्मान

नारायणपुर। जिला नारायणपुर में आज “नन्हें रोज़ेदार – हाजियों का इस्तकबाल 2026” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह आयोजन प्रदेश अध्यक्ष मो. सिराज के आह्वान पर ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन, जिला नारायणपुर के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग, नन्हें रोज़ेदार बच्चे एवं मुस्लिम समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे रमजान माह में 30 रोज़े रखने वाले नन्हें बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही 5 से 11 वर्ष तक के बच्चों को भी सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया। छोटी उम्र में बच्चों की इबादत, सब्र और जज़्बे की सभी ने खुलकर सराहना की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर हाजियों का भी विशेष रूप से इस्तकबाल किया गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।
मुख्य अतिथि के रूप में ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी वसीम अहमद उपस्थित रहे। वहीं मेहमान-ए-खास के रूप में हाजी असलम मंसूरी (कोंडागांव), मो. हुसैन काका, सदर मो. इमरान, पूर्व सदर हाजी मो. जावेद, पूर्व सदर मो. फिरोज, अब्दुल हबीब फारूकी, सैय्यद अख्तर अली, हाजी हाफिज शरीफ, हाजी हुमायूं एवं ए.के. फारुकी सहित कई गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष हाजी डॉ. सैय्यद वली आज़ाद ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को दीन और दुनिया की राह पर चलने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी नन्हें रोज़ेदारों को मुबारकबाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान एक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब नारायणपुर के मोहम्मद अनस इब्न अब्दुल रहीम, जिन्होंने मरकज़ी जमीअतुर रज़ा बरेली शरीफ़ में एंट्रेंस एग्जाम में सफलता प्राप्त की, उन्हें मंच से शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर उपस्थित सभी लोगों ने खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की दुआ की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में फाउंडेशन के संरक्षक मोहसिन रज़ा, सचिव सरीफ मेमन, सह सचिव जहिर खान, हाशिम अहमद खान, फारुख खान, एवं सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही, जिनका विशेष आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन फाउंडेशन उपाध्यक्ष मो. ज़ैद एवं मौलाना मुबारक खान अज़हरी द्वारा जिम्मेदारीपूर्वक किया गया। अंत में दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा समाज में भाईचारा, एकता और मोहब्बत बनाए रखने की अपील की गई।




