कड़ी सुरक्षा में 12वीं हिन्दी की पुनः परीक्षा संपन्न
1304 में से 1281 परीक्षार्थी शामिल, 16 केंद्रों पर शांतिपूर्ण आयोजन जीपीएस लॉक कंटेनर व वन टाइम लॉक सिस्टम से गोपनीयता सुनिश्चित

नारायणपुर, 10 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2026 के तहत हिन्दी विषय की पुनः परीक्षा जिले में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के 16 परीक्षा केंद्रों में आयोजित इस परीक्षा में पंजीकृत 1304 परीक्षार्थियों में से 1281 उपस्थित रहे, जबकि 23 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि 14 मार्च 2026 को आयोजित हिन्दी परीक्षा को मंडल द्वारा निरस्त किए जाने के बाद 10 अप्रैल को पुनः परीक्षा आयोजित की गई। जिला प्रशासन ने इस बार परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतते हुए हर स्तर पर पारदर्शिता और गोपनीयता सुनिश्चित की।
मंडल मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन और वितरण के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया। कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में परीक्षा नोडल अधिकारी दुष्यंत कीर्तिमान कोशले की निगरानी में 6 अप्रैल को जीपीएस लॉक युक्त कंटेनर के माध्यम से गोपनीय सामग्री नारायणपुर लाई गई और शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी गई।
इसके बाद 8 अप्रैल को वन टाइम लॉक सिस्टम के जरिए प्रश्नपत्रों को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के समीपस्थ थानों तक पुलिस सुरक्षा में पहुंचाया गया। परीक्षा दिवस पर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत तहसीलदार, नायब तहसीलदार, केंद्राध्यक्ष व अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सामग्री थानों से निकालकर केंद्रों तक पहुंचाई गई और प्रश्नपत्रों का वितरण पारदर्शी तरीके से किया गया।
परीक्षा प्रातः 9:15 बजे से 12:15 बजे तक निर्धारित समय पर संचालित हुई। पूरे जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन की मुस्तैदी और सुदृढ़ प्रबंधन स्पष्ट रूप से सामने आया।
जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और समन्वय के चलते विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिला। प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की है।




