नारायणपुर

समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें, जाति प्रमाण पत्र मिशन मोड में बनाएं — कलेक्टर नम्रता जैन

निर्माण कार्यों में तेजी लाने, वनांचल में गांव स्तर पर राशन वितरण और एनीमिया नियंत्रण अभियान सुदृढ़ करने के निर्देश

नारायणपुर। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विशेष रूप से जाति प्रमाण पत्र निर्माण कार्य को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क, भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने पर जोर दिया। आश्रम छात्रावासों के स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने ‘नियद नेल्लानार’ योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों में पेयजल, सड़क, बिजली एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आधार कार्ड वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सुदूर वनांचल क्षेत्रों के ग्रामीणों को ध्यान में रखते हुए गांव स्तर पर ही राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में एनीमिया की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य जांच अभियान तेज करने और पोषण पुनर्वास केंद्रों में शत-प्रतिशत भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर नम्रता जैन ने ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ रखने, खराब हैंडपंपों की मरम्मत और आवश्यकतानुसार नए बोर खनन कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान झारावाही, हांदावाड़ा, मोडमवाड़ा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। रावघाट माइंस क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं की कमी को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही नल-जल योजना, सोलर लाइट व्यवस्था, राजस्व एवं वन अधिकार पट्टा वितरण तथा सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त रेकावाया में स्कूल से पंचायत भवन तक सड़क निर्माण की स्वीकृति, गोमे उप स्वास्थ्य केंद्र के मरम्मत कार्य की जांच, तथा विभिन्न ग्रामों में हैंडपंपों की स्थिति पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों को संबंधित विभागों को शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ एमजी वेंकेटेशा, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम डॉ. सुमित गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page