संकल्प बजट 2026-27 छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा : संजय पांडे

विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करेगा बजट
नारायणपुर। भाजपा जिला कार्यालय में आज विष्णुदेव साय सरकार के तीसरे बजट 2026-27 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जगदलपुर के महापौर संजय पांडे ने कहा कि “संकल्प” थीम पर आधारित यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण दस्तावेज सिद्ध होगा।
पत्रकार वार्ता में संजय पांडे ने बताया कि वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कृषि, शिक्षा और रोजगार सृजन पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तैयार यह बजट प्रदेश की आर्थिक मजबूती और सामाजिक सशक्तिकरण का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने बजट के लिए मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को बधाई भी दी।
संजय पांडे ने कहा कि राज्य सरकार का यह तीसरा बजट है। पहला बजट ‘ज्ञान’ और दूसरा ‘गति’ थीम पर आधारित था, जबकि इस बार ‘संकल्प’ को केंद्र में रखा गया है। संकल्प के माध्यम से समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, लाइवलीहुड तथा पॉलिसी से परिणाम तक जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना के अनुरूप तैयार किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि बजट में स्कूल शिक्षा के लिए सर्वाधिक 13.5 प्रतिशत प्रावधान किया गया है। सरकारी कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था लागू की जाएगी। 23 नए औद्योगिक पार्कों के लिए 250 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं।
कृषि क्षेत्र के लिए 13,500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। भूमि विकास बैंक योजना हेतु 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी के अंतर की राशि आगे भी एकमुश्त दिए जाने की बात कही गई है।
पत्रकार वार्ता के अवसर पर छत्तीसगढ़ लघु वनोपज मर्यादित संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत के अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष इन्द्र प्रसाद बघेल, भाजपा वरिष्ठ नेता बृजमोहन देवांगन, भाजपा जिला महामंत्री संदीप झा एवं भाजपा मीडिया प्रभारी सुदीप झा उपस्थित रहे।




