दिव्यांगजनों को शिविर लगाकर सहायक उपकरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें : कलेक्टर नम्रता जैन
समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, अबुझमाड़ के नए पट्टाधारी किसानों को पीएम किसान योजना से जोड़ने के निर्देश

आधार कार्ड सचिवों के माध्यम से वितरित करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिले में बनाए गए आधार कार्ड ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को आधार कार्ड प्राप्त करने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
निर्माणाधीन भवन जल्द विभागों को सौंपें
बैठक में जिले के विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन शासकीय भवनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जिन भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों को सौंपा जाए, ताकि उनका उपयोग जल्द शुरू किया जा सके।
आश्रम-छात्रावास में प्रवेश के लिए होगा सर्वे
कलेक्टर नम्रता जैन ने आश्रम एवं छात्रावासों में प्रवेश के लिए पात्र बच्चों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों की पहचान कर उन्हें आश्रम-छात्रावासों में प्रवेश दिलाया जाए, जिससे उन्हें शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सके।
दिव्यांगजनों के लिए शिविर लगाने के निर्देश
दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जिले में विशेष शिविर आयोजित कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे दैनिक जीवन में अधिक सक्षम बन सकें।
दूरस्थ गांवों में मूलभूत सुविधाओं पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले के अंदरूनी एवं दूरस्थ गांवों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए कलेक्टर ने ऐसे ग्रामों की सूची तैयार करने को कहा, जहां हर वर्ष पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न होती है। इन गांवों में प्राथमिकता के आधार पर बोर खनन कार्य प्रारंभ करने और खराब हैंडपंपों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपूर्ण नल-जल योजनाओं को भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया।
जाटलूर और रेकावाया में शुरू होगी राशन दुकान
कलेक्टर ने जाटलूर और रेकावाया में इसी माह से राशन दुकान संचालन शुरू कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विकास कार्यों व प्रस्तावों की समीक्षा
बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों और समस्याओं पर भी चर्चा की गई। इनमें खेल मैदान की स्वीकृति, ग्राम गरावंड में सामुदायिक भवन और घोटुल निर्माण के लिए वन भूमि उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायत कोंगेरा के कोदाहुर में राजस्व पट्टा प्रदान करने, पुनर्वास योजना के तहत शासकीय नौकरी में नियुक्ति तथा कलाकारों के लिए घोषित चार लाख रुपये की सहायता राशि हस्तांतरण जैसे विषय शामिल रहे।
इसके अलावा ग्राम बड़कानार, करेनार, ब्रेहबेड़ा, परपा और कुम्हारीबेड़ा की मूलभूत समस्याओं, वार्ड क्रमांक 03 में नाली निर्माण, नालंदा लाइब्रेरी के लिए भूमि उपलब्ध कराने, बीएसपी के गोद ग्राम क्षेत्र में सड़क व पुल-पुलिया निर्माण के लिए सर्वे, जनदर्शन में प्राप्त पेयजल संबंधी आवेदनों पर कार्रवाई, ग्राम आतरगांव के नदीपारा में हैंडपंप की व्यवस्था तथा ग्राम सोनपुर के कुकुर नदी में सिंचाई हेतु विद्युत लाइन जैसे मुद्दों पर भी समीक्षा की गई।
बैठक में प्रत्येक रविवार को बाजार के लिए विशेष बस सेवा शुरू करने, सांसद एवं विधायक निधि के लंबित कार्यों की सूची तैयार करने तथा ग्राम पंचायत रेकावाया में स्कूल से पंचायत भवन तक सड़क निर्माण की स्वीकृति जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
कई अधिकारियों ने लिया बैठक में हिस्सा
समय-सीमा बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डी.के. कोशले, सुनील सोनपिपरे, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, सीएमएचओ डॉ. टी.आर. कुंवर, नगरपालिका सीएमओ रामचंद्र यादव, जनपद सीईओ ओरछा लोकेश चतुर्वेदी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





