नारायणपुर

जनता दरबार में गूंजा समाधान का संकल्प, राम नवमी पर भक्ति में डूबे मंत्री केदार कश्यप

समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश, मंदिरों में दर्शन कर क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के साथ उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

क्षेत्र के विभिन्न गांवों और वार्डों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर मंत्री कश्यप ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को शीघ्र राहत पहुंचाना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इधर, राम नवमी के पावन अवसर पर पूरा नगर आस्था के रंग में रंगा नजर आया। मंत्री कश्यप ने श्री राम मंदिर पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इसके बाद वे शीतला मंदिर पहुंचे, जहां माता शीतला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंत्री कश्यप ढोल और पारंपरिक तोड़ी बाजा बजाते हुए भक्तिमय माहौल में नजर आए, जिससे उपस्थित श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा परिसर जयघोष और भक्ति के स्वर से गूंज उठा।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। मंत्री कश्यप ने सभी को राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के सतत विकास और समृद्धि की कामना की।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page