गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर कांग्रेस का विरोध, जय स्तंभ चौक पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन

घरेलू सिलेंडर में 60 और कमर्शियल में 115 रुपए वृद्धि पर जताई नाराजगी
नारायणपुर। घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर के जय स्तंभ चौक में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपए तथा कमर्शियल गैस सिलेंडर में 115 रुपए की वृद्धि की है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण पहले से ही आम और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं और गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से रसोई का बजट और प्रभावित होगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान सस्ती रसोई गैस उपलब्ध कराने के वादे किए गए थे, लेकिन कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से गैस सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनू नेताम, जिलाध्यक्ष राजेश दीवान, पूर्व जिलाध्यक्ष देवनाथ उसेंडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रघु मानिकपुरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंडी राम वड्डे, कोषाध्यक्ष वीपी शुक्ला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष बोधन देवांगन, जिला उपाध्यक्ष गजा पटेल, महामंत्री शेख तौहीद अहमद, संतोष राव, रवि देवांगन, शब्बीर बदगुजर, प्रमोद नैलवाल, जोशीलाल पात्र, सुक्कू सलाम, राकेश केशरिया, अल्ताफ खान, इमरान खान, शेख महेमूद, दीपक गांधी सहित युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




