कुंदला राशन दुकान पर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, हितग्राहियों से सीधे ली हकीकत
खाद्यान वितरण की स्थिति जानी, पारदर्शिता व समयबद्ध आपूर्ति के दिए निर्देश

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जमीनी हकीकत परखने के लिए कलेक्टर ने शुक्रवार को ग्राम कुंदला स्थित उचित मूल्य दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकान में उपलब्ध राशन सामग्री और वितरण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दुकान संचालक भादूराम धनेलिया से चावल, चना, शक्कर, गुड़ सहित अन्य आवश्यक खाद्यान सामग्री की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो, इसे लेकर सख्त हिदायत भी दी।
कलेक्टर ने मौके पर मौजूद हितग्राहियों से सीधे संवाद कर वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया। उन्होंने उपभोक्ताओं से पूछा कि उन्हें समय पर राशन मिल रहा है या नहीं और वितरण में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं आ रही। इस दौरान हितग्राहियों ने अपने अनुभव और समस्याएं साझा कीं, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं कुल मिलाकर संतोषजनक पाई गईं, हालांकि कलेक्टर ने कुछ बिंदुओं पर सुधार के निर्देश भी दिए, ताकि वितरण प्रणाली और अधिक प्रभावी और भरोसेमंद बन सके।




