उत्कृष्ट कार्य के लिए ऑडियोलॉजिस्ट अंजना नेताम सम्मानित

नारायणपुर, 15 मार्च। दिव्यांग विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए जिला कलेक्टर नम्रता जैन ने परियना दिव्यांग आवासीय विद्यालय गरांजी में कार्यरत ऑडियोलॉजिस्ट अंजना नेताम को सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें साल, श्रीफल और प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि दिव्यांग बच्चों के विकास और उनकी बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने में समर्पित कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अंजना नेताम द्वारा विद्यार्थियों के हित में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्य दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को इसी तरह सम्मानित किया जाता रहेगा, जिससे कार्य के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और सेवा भावना को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल तथा नोडल अधिकारी डी.बी. रावटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




