नारायणपुर

आमडई माइंस में दर्दनाक हादसा: मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, एक की मौत

करीब 30 मजदूर घायल, कई की हालत गंभीर • कंपनी से बेहतर इलाज और मुआवजे की मांग तेज

(कैलाश सोनी) नारायणपुर। जिले के छोटेडोंगर क्षेत्र स्थित आमडई माइंस में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मजदूरों को लेकर माइंस की पहाड़ी की ओर जा रही एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 30 मजदूर घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक मजदूर की पहचान राम अयोध्या सिंह के रूप में हुई है, जो बिहार का निवासी बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल छोटेडोंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार घायलों में कई मजदूरों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

मजदूरों और ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि माइंस में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा और उनके सुरक्षित परिवहन की जिम्मेदारी कंपनी की होती है, लेकिन इस मामले में लापरवाही सामने आई है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि कंपनी घायलों के बेहतर इलाज की पूरी जिम्मेदारी ले, गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बड़े अस्पतालों में भर्ती कराया जाए और मृतक मजदूर के परिवार को उचित मुआवजा व एक सदस्य को नौकरी दी जाए।

जांच में जुटी पुलिस

इधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।

मुख्य तथ्य

  • आमडई माइंस की पहाड़ी पर जाते समय हुआ हादसा
  • मजदूरों से भरी पिकअप पलटी
  • 1 मजदूर की मौत, लगभग 30 घायल
  • कई घायलों की हालत गंभीर
  • कंपनी से इलाज और मुआवजे की मांग

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page