छत्तीसगढ़

अबुझमाड़िया युवाओं ने विधानसभा में देखा लोकतंत्र का जीवंत रूप, पहली बार रायपुर पहुंचकर मिला नया अनुभव

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व वन मंत्री केदार कश्यप ने किया संवाद, 147 युवाओं ने समझी विधायी प्रक्रिया

रायपुर/नारायणपुर, 18 मार्च 2026। नारायणपुर जिले के सुदूर, संवेदनशील एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए अबुझमाड़िया युवाओं ने बुधवार को नया रायपुर स्थित नवीन विधानसभा में पहुंचकर लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और समझा। लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण केंद्र में पहुंचकर युवाओं ने सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन किया, जिससे उनके भीतर शासन-प्रशासन की प्रक्रिया को लेकर नई जागरूकता विकसित हुई।

स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आयोजित इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण में कुतुल, ओरछा, कलमानार, झारावाही, कोडकानार, मुरेहनार, गुमियाबेड़ा, मुरहानार और नेडनार जैसे अति संवेदनशील क्षेत्रों से लगभग 147 अबुझमाड़िया युवा शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इनमें से अधिकांश युवाओं ने पहली बार रायपुर शहर का भ्रमण किया, जो उनके लिए अत्यंत उत्साहजनक और यादगार अनुभव साबित हुआ।

विधानसभा में युवाओं ने प्रश्नकाल, चर्चा और निर्णय प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस दौरान उन्हें विधायी कार्यप्रणाली, शासन व्यवस्था और जनहित में लिए जाने वाले निर्णयों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे लोकतंत्र के प्रति उनकी समझ और अधिक सुदृढ़ हुई।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने युवाओं के अनुभवों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों से निकलकर नई सोच और संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे ये युवा प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के प्रतीक हैं। उन्होंने युवाओं से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों पर उनके अनुभव भी साझा करवाए और उन्हें स्वसहायता समूहों एवं सहकारी समितियों से जुड़कर स्थानीय लघु वनोपजों के प्रसंस्करण व संवर्धन के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, वन मंत्री एवं नारायणपुर के स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने भी युवाओं से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर युवाओं से चर्चा की। युवाओं ने भी इस भ्रमण को अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी अनुभव बताते हुए कहा कि इससे उन्हें नई दिशा और सोच मिली है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page