37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी 16 टीमें मैदान में, 3 से 8 फरवरी तक मुकाबले

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तमिलनाडु–सर्विसेस का उद्घाटन मैच पूरा देखा
रायपुर। सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोशिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पुरुष वर्ग में 10 और महिला वर्ग में 6 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी के साथ कई राज्यों की टीमें प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।

उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद वे इंडोर स्टेडियम में रुककर तमिलनाडु और सर्विसेस के बीच हुआ उद्घाटन मुकाबला पूरा देखते रहे। रोमांचक मुकाबले के समाप्त होने के बाद ही वे स्टेडियम से रवाना हुए। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी भी मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत है। व्हॉलीबॉल जैसे खेल टीमवर्क, अनुशासन और समन्वय की भावना को मजबूत करते हैं। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए राज्य खेल अलंकरण सम्मान को पुनः शुरू किया गया है। ओलंपिक में राज्य के किसी खिलाड़ी की भागीदारी पर 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़ रुपये, रजत पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की नई पहचान देश-दुनिया में बन रही है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से खेल संस्कृति को जन-आंदोलन का रूप मिला है, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली है।
छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोशिएशन के अध्यक्ष महेश गागड़ा ने स्वागत भाषण में आयोजन की रूपरेखा और प्रतियोगिता कार्यक्रम की जानकारी दी। कार्यक्रम में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव विक्रम सिसोदिया, भारतीय व्हॉलीबॉल संघ के महासचिव रामानंद चौधरी, मध्यप्रदेश व्हॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष रूद्रप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोशिएशन के सचिव हेमप्रकाश नायक, रायपुर नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, राहुल कौशिक, विनोद नायर सहित विभिन्न राज्यों के व्हॉलीबॉल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
इन राज्यों की टीमें ले रहीं हिस्सा
37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप में पुरुष वर्ग में रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ की टीमें भाग ले रही हैं। महिला वर्ग में रेलवे, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की टीमें प्रतिस्पर्धा में हैं। कई टीमों में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी शामिल हैं।




