सीएम साय से नव-नियुक्त आईएएस अधिकारियों की सौजन्य भेंट

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, कहा— जनसेवा की कसौटी पर खरा उतरें अधिकारी
रायपुर, 23 फरवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य प्रशासनिक सेवा एवं एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त हुए अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि और गौरव का विषय है, बल्कि यह जनसेवा के व्यापक अवसरों और बड़ी जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करेंगे।
सीएम साय ने कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों की सक्रिय और प्रतिबद्ध भूमिका से प्रदेश के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार टिकरिहा, ऋषभ पाराशर एवं तरुण किरण उपस्थित रहे।




