समर्पण दिवस पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय को भाजपा कार्यकर्ताओं का नमन
एकात्म मानववाद के विचारों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का संकल्प दोहराया

नारायणपुर, 11 फरवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आज एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि “समर्पण दिवस” के रूप में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। आयोजन स्थल पर अनुशासित वातावरण और वैचारिक चर्चा के बीच राष्ट्रसेवा एवं अंत्योदय की भावना को दोहराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और अंतिम व्यक्ति के उत्थान की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद की अवधारणा आज भी सामाजिक समरसता और समावेशी विकास की दिशा में मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में प्रासंगिक है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने कहा कि पंडित उपाध्याय के सिद्धांत संगठन की आत्मा हैं। कार्यकर्ता जब इन मूल्यों को व्यवहार में उतारते हैं, तभी समाजसेवा की वास्तविक भावना साकार होती है। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और जरूरतमंद वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को वैचारिक समृद्धि प्रदान की। उनके विचार सत्ता की नहीं, सेवा की राजनीति का मार्ग दिखाते हैं। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता गौतम गोलछा ने कहा कि पंडित उपाध्याय का समर्पित जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समरस राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री संदीप कुमार झा ने किया। आभार भाजपा जिला महामंत्री पंकज जैन ने व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से पंडित उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पार्षद रमशीला नाग सहित सोनू कोर्राम, अनुराग पांडेय, मंगडू राम नुरेटी, जैकी कश्यप, राहुल पटेल, शांति नेताम, नेहा कश्यप, रंजना ठाकुर, दीपाली नाग, खुशबू जैन समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




