नारायणपुर

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश आश्रम-छात्रावास व आंगनबाड़ी के बच्चों का आधार बनाना सुनिश्चित करें

जनदर्शन आवेदनों का त्वरित निराकरण, पीएम आवास की प्रगति पर कड़ी निगरानी

नारायणपुर, 11 फरवरी 2026। कलेक्टर नम्रता जैन की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विकास योजनाओं और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में जनमन प्रधानमंत्री आवास योजना सहित प्रधानमंत्री आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता और प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, शौचालय, नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए अनुकम्पा सहायता, राजस्व सर्वे, पढ़ाई हेतु आर्थिक सहायता, नवीन आंगनबाड़ी भवन तथा नल-जल मिशन के कार्यों की अद्यतन स्थिति लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावास, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत बच्चों के आधार कार्ड शीघ्र बनवाने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए शिविर आयोजित कर आधार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान स्कूलों में शौचालय निर्माण, शिक्षकों की उपस्थिति और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। पुराने जर्जर भवनों को डिस्मेंटल कर सुरक्षित एवं नए भवनों के निर्माण/मरम्मत की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कुतुल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अंदरूनी क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। आश्रम-छात्रावासों के नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर बच्चों को समय पर खाद्य सामग्री, लेखन सामग्री और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

राजस्व एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रकरणों पर कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों, नगरपालिका व पंचायत क्षेत्रों की शिकायतों, सामाजिक सुरक्षा, राशन वितरण, आर्थिक सहायता और मजदूरी भुगतान से संबंधित मामलों का समय-सीमा में समाधान अनिवार्य रूप से किया जाए। विभिन्न ग्रामों में लंबित राजस्व पट्टा, वन अधिकार पट्टा और नजूल भूमि से जुड़े प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पुलिया व सड़क निर्माण, विद्युत पोल आपूर्ति, सोलर स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित भुगतान प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विशेष रूप से अबूझमाड़ क्षेत्र के आश्रम-छात्रावासों, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, एसडीएम अभयजीत मंडावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डी.के. कोशले, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. राजेंद्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. टी.आर. कुंवर, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, जनपद सीईओ नारायणपुर सुनील कुमार सोनपिपरे, ओरछा सीईओ लोकेश चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page