छत्तीसगढ़

युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा रेडक्रॉस: राज्यपाल रमेन डेका

सिकल सेल रोकथाम पर जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा है कि छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी को जनसेवा के प्रभावी मंच के रूप में और अधिक मजबूत करने के लिए युवाओं की व्यापक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने रेडक्रॉस की सदस्यता अभियान को गांव-गांव और शहरी वार्डों तक विस्तार देने पर जोर देते हुए कहा कि युवाशक्ति के जुड़ने से आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सरोकारों में संगठन की भूमिका और सशक्त होगी।

लोकभवन में छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी की नवगठित प्रबंध समिति के सदस्यों से सौजन्य भेंट के दौरान राज्यपाल ने रेडक्रॉस की वर्तमान गतिविधियों और भावी कार्ययोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में आपदा के समय त्वरित राहत, रक्तदान शिविरों के विस्तार, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।

राज्यपाल ने प्रदेश में सिकल सेल बीमारी की रोकथाम को प्राथमिकता देने की आवश्यकता रेखांकित करते हुए कहा कि आदिवासी एवं दूरस्थ अंचलों में जनजागरूकता के बिना इस बीमारी पर नियंत्रण संभव नहीं है। उन्होंने स्कूल-कॉलेज स्तर पर स्वास्थ्य शिक्षा, जांच शिविरों और परामर्श कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही, रेडक्रॉस को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा।

भेंट के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के उपसभापति रूपेश पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष संजय पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम. के. राउत, सचिव अशोक अग्रवाल, रूपल पुरुहित तथा नारायणपुर जिले से नरेंद्र मेश्राम सहित प्रबंध समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सदस्यों ने राज्यपाल को संगठन की जमीनी गतिविधियों, रक्तदान नेटवर्क के विस्तार और आपदा के समय त्वरित सहायता प्रणाली से अवगत कराया।

राज्यपाल ने अपेक्षा जताई कि नवगठित प्रबंध समिति जनसहभागिता के माध्यम से रेडक्रॉस को एक सक्रिय, भरोसेमंद और व्यापक जनसेवा मंच के रूप में विकसित करेगी, जिससे प्रदेश के जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंच सके।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page