माओवादी विरोधी अभियान में डंप व 16 आईईडी बरामद, बड़ी साजिश नाकाम

बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता…
बीजापुर। जिले में माओवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों को एक और अहम कामयाबी मिली है। थाना फरसेगढ़ क्षेत्रांतर्गत ग्राम नीलमड़गु की ओर केरिपु 214 वाहिनी कैंप कांडलापरती-2 द्वारा संचालित सर्चिंग एवं एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटक डंप और आईईडी बरामद किए गए। सुरक्षा बलों की सतर्कता से माओवादियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

अभियान के दौरान बी/214 वाहिनी एवं यूनिट बीडीडी टीम ने डिमाइनिंग कार्यवाही करते हुए माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए 16 नग बीयर बॉटल आईईडी तथा 5 किलोग्राम का एक प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया। सुरक्षा मानकों के अनुरूप बीडीडी टीम ने मौके पर ही सभी आईईडी को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि या जवानों को नुकसान से बचाया जा सका।
जमीन में दबा मिला माओवादियों का डंप
आगे की सर्चिंग में सुरक्षा बलों को जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखा गया माओवादी डंप भी मिला। बरामद सामग्री में रस्सी, फ्लेक्सिबल वायर, मल्टीमीटर, आयरन सोल्डरिंग रॉड, वायर कटर, एम-सील, पेंसिल बैटरी (1.5 वोल्ट), डीसी मोटर सहित विस्फोटक निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री शामिल है। इसके अलावा माओवादी वर्दी, मैगजीन पाउच, दवाइयां, माओवादी साहित्य व पाम्फलेट भी बरामद किए गए हैं।
इलाके में सघन गश्त जारी
पुलिस व सुरक्षा बलों के अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में माओवादियों के विरुद्ध सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन की कार्यवाही लगातार जारी है। सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ाए हुए हैं, ताकि किसी भी संभावित नक्सली गतिविधि को समय रहते नाकाम किया जा सके।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से एक ओर जहां माओवादियों के मंसूबों को करारा झटका लगा है, वहीं क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



