नारायणपुर

महिला संवाद में बजट की पड़ताल: आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ती मातृशक्ति

केंद्रीय बजट की महिला हितैषी योजनाओं पर भाजपा महिला मोर्चा ने किया विमर्श

कैलाश सोनी- नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा “महिला संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्रीय बजट में महिलाओं के लिए किए गए प्रावधानों, योजनाओं और अवसरों की जानकारी सीधे महिलाओं तक पहुँचाना रहा, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने कहा कि केंद्रीय बजट महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण को मजबूती देता है। यह बजट महिला शक्ति को आत्मनिर्भर बनाकर राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को और सुदृढ़ करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि घर-परिवार की धुरी रही महिलाएं अब उद्यमिता, रोजगार और कौशल विकास के माध्यम से विकास की धारा में अग्रणी भूमिका निभाएं।

भाजपा जिला महामंत्री संदीप कुमार झा ने कहा कि केंद्रीय बजट गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। महिलाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्वावलंबन के नए अवसर इस बजट की विशेषता हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के जरिए महिलाओं को प्रशिक्षण, वित्तीय सहयोग और बाजार से जोड़ने की व्यवस्था की गई है, जिससे वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बन सकें।

भाजपा जिला महामंत्री पंकज जैन ने बजट के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिला उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी पहल की गई है। इससे महिलाओं को छोटे व्यवसाय, स्व-सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के माध्यम से आय के नए साधन मिलेंगे। उन्होंने कहा कि बजट में नारी शक्ति के लिए किए गए प्रावधान केवल सहायता तक सीमित नहीं, बल्कि उन्हें सक्षम बनाकर सम्मानजनक आजीविका की ओर अग्रसर करने वाले हैं।

महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संगीता जैन ने कहा कि यह बजट मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक है। केंद्र सरकार की योजनाएं महिलाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-शहर की महिलाओं तक योजनाओं की जानकारी पहुँचाएं, ताकि अंतिम व्यक्ति तक लाभ सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में मंचासीन जनपद अध्यक्ष नारायणपुर पिंकी उसेंडी, महिला मोर्चा जिला महामंत्री रंजना ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य एवं महिला मोर्चा ओरछा मंडल अध्यक्ष शांति नेताम तथा जिला पंचायत सदस्य हीना नाग ने भी महिलाओं से योजनाओं का लाभ उठाने और समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नीतियों से नहीं, बल्कि जागरूकता और सक्रिय सहभागिता से संभव है।

कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा जिला महामंत्री प्रेमबत्ती कचलाम ने किया, जबकि महिला मोर्चा शहर मंडल अध्यक्ष दीपाली नाग ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन में संवारी पोटाई, संतोषी कुमेटी, खुशबू जैन, फिरन साहु, नमीता कुमेटी, छबीला प्रजापति, भगवती सोनवानी, कनन नाथ, प्रेमशीला नाग, बृजबती नेताम, कविता हीरा, फुलवा साहु सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं के साथ संवाद कर बजट की प्रमुख योजनाओं पर चर्चा की गई और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page