भाजयुमो को नया नेतृत्व, नारायणपुर में दिखा युवाओं का जोश

नवयुक्त जिलाध्यक्ष परमानंद (नानु) नाग का भव्य स्वागत, मंदिरों में दर्शन से संगठनात्मक संदेश
नारायणपुर, 19 फरवरी 2026//
भारतीय जनता युवा मोर्चा को नया नेतृत्व मिलने के साथ ही नारायणपुर में युवाओं का उत्साह सड़कों पर नजर आया। नवयुक्त भाजयुमो जिलाध्यक्ष परमानंद (नानु) नाग के स्वागत में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नगर में आत्मीय अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया। पूरे शहर में संगठनात्मक ऊर्जा और उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत एडका चौक स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात अटल परिसर में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कोटगुड़िन मंदिर, मावली माता मंदिर, शीतला मंदिर एवं हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर संगठन की नई जिम्मेदारियों के लिए आशीर्वाद लिया गया।

इस अवसर पर नवनियुक्त भाजयुमो जिला महामंत्री द्वय दीपेंद्र भोयर एवं बिस्सु दत्ता का भी कार्यकर्ताओं द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। युवाओं ने फटाखे फोड़कर, नारेबाजी करते हुए तथा मोटरसाइकिल रैली निकालकर नए नेतृत्व का अभिनंदन किया। रैली के दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर युवाओं का जोश और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट झलकी।
जिला भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवयुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं। अपने संक्षिप्त संबोधन में परमानंद (नानु) नाग ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की सबसे सशक्त ताकत है। उन्होंने भरोसा जताया कि युवाओं की ऊर्जा, समर्पण और सक्रिय भागीदारी से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा। साथ ही उन्होंने युवाओं से समाजहित और क्षेत्रीय विकास के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से संगठन में नए नेतृत्व को लेकर उत्साह और एकजुटता का संदेश सामने आया, जिसे आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।




