भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नई जिला कार्यकारिणी घोषित
मयंक जैन और शिराज कुरैशी बने जिला महामंत्री, युवाओं को मिली प्रमुख जिम्मेदारी

नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, जिला नारायणपुर की नवीन जिला कार्यकारिणी की घोषणा गुरुवार को विधिवत रूप से की गई। यह घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पवन साय के मार्गदर्शन में, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मखमर इकबाल खान की सहमति तथा भाजपा जिलाध्यक्ष कमलजीत आहूजा की अनुशंसा पर की गई।
जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा कमलजीत आहूजा ने जिला कार्यकारिणी की सूची जारी करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त व सक्रिय बनाने का संकल्प जताया। नई कार्यकारिणी में संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए युवाओं को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मयंक जैन और शिराज कुरैशी को जिला महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व दिए गए हैं, जबकि आदिल बदगजर को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है।
घोषणा के साथ ही संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि नई टीम के नेतृत्व में अल्पसंख्यक मोर्चा जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार, जनसंपर्क और पार्टी की नीतियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा। मयंक जैन और शिराज कुरैशी के अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता से संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई गई है।
जिलाध्यक्ष कमलजीत आहूजा ने कहा कि अल्पसंख्यक मोर्चा पार्टी संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है और आगामी कार्यक्रमों व अभियानों में नई कार्यकारिणी की सक्रिय भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के विस्तार, अनुशासन और जनसेवा के भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
घोषणा के अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को मजबूती प्रदान करेगी और जिले में पार्टी की गतिविधियों को नई दिशा देगी।




