बीजापुर में नक्सली साजिशों पर बड़ा वार

जंगलों से 6 IED बरामद, विस्फोटक डंप ध्वस्त; दो अवैध माओवादी स्मारक जमींदोज
बीजापुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित नक्सल विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों ने माओवादी नेटवर्क की कमर तोड़ने वाली बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उसूर और भोपालपटनम क्षेत्रों के घने जंगलों में सघन सर्चिंग व डिमाइनिंग के दौरान कुल छह आईईडी बरामद किए गए, जिन्हें मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही जंगलों में जमीन के भीतर डंप कर रखे गए विस्फोटक व अन्य माओवादी सामग्री का बड़ा जखीरा पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान माओवादियों द्वारा खड़े किए गए दो अवैध स्मारकों को भी ध्वस्त किया गया।

विश्वसनीय खुफिया सूचना के आधार पर केरिपु 229 वाहिनी की टीम ने थाना उसूर क्षेत्र के ताड़पाला बेस एरिया में दक्षिण दिशा की ओर नाले के पास छिपाकर लगाए गए दो आईईडी बरामद किए। इनमें एक आईईडी बियर बॉटल में तथा दूसरा बीजीएल में प्लांट किया गया था। इसके बाद की गई सघन तलाशी में जमीन के भीतर डंप विस्फोटक सामग्री और नक्सली उपयोग की वस्तुएं बरामद हुईं, जिससे स्पष्ट है कि इलाके में किसी बड़ी वारदात की तैयारी की जा रही थी।
डंप से मिला ‘विस्फोटक गोदाम’
सुरक्षा बलों ने मौके से बीजीएल के 40 नग, बीजीएल राउंड 35 नग, 90 बैटरी, डायरेक्शन आईईडी निर्माण हेतु लोहे की पाइपें, कच्चे ग्रेनेड बनाने की सामग्री, लोहे की प्लेटें, लेथ मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक, वाटर पंप तथा साबुन, डिटर्जेंट पाउडर, मैगजीन पाउच सहित दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की। विशेषज्ञों के मुताबिक यह सामग्री बताती है कि माओवादी संगठन लंबे समय तक टिके रहने और बड़े हमलों की तैयारी में जुटा था।
कोंडापड़गु में 4 बियर-बॉटल IED नाकाम
इसी क्रम में केरिपु 22वीं और केरिपु 214वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने थाना भोपालपटनम क्षेत्र के कोंडापड़गु इलाके में एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग अभियान के दौरान जमीन में दबाकर रखे गए चार बियर-बॉटल आईईडी बरामद किए। सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट किया गया, जिससे सुरक्षा बलों और ग्रामीणों पर संभावित खतरा टल गया।

नक्सली प्रतीकों पर भी प्रहार
थाना उसूर क्षेत्र के कमलापुर जंगलों में केरिपु 229/ई की टीम ने माओवादियों द्वारा निर्मित अवैध स्मारक को ध्वस्त किया। वहीं थाना गंगालूर क्षेत्र के कोरचोली में केरिपु 222 की कार्रवाई में एक अन्य अवैध माओवादी स्मारक को गिराया गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार ऐसे प्रतीक नक्सली संगठन के मनोवैज्ञानिक प्रभाव का हिस्सा होते हैं, जिन्हें हटाकर इलाके में डर के प्रतीकों को खत्म किया जा रहा है।
इलाके में सर्चिंग तेज, नागरिकों से सहयोग की अपील
सुरक्षा बलों ने कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में सर्चिंग और डॉमिनेशन अभियान तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि माओवादी संगठन की लॉजिस्टिक क्षमता को गंभीर झटका लगा है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस या सुरक्षा बलों को दें। जिले में माओवादी संगठन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी हैं और सुरक्षा एजेंसियां नक्सलमुक्त बीजापुर के लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ रही हैं।


