शिक्षा

परीक्षा के डर से मुक्ति का संदेश, ‘परीक्षा पे चर्चा’ से विद्यार्थियों में जगा आत्मविश्वास

बालक उमावि में 9वें संस्करण का जिला स्तरीय आयोजन, प्रधानमंत्री के संवाद का सीधा प्रसारण

नारायणपुर, 6 फरवरी 2026। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नारायणपुर में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के 9वें संस्करण का जिला स्तरीय आयोजन उत्साह और शैक्षणिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में व्याप्त तनाव को दूर करने और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी के लिए प्रेरित करने वाले इस कार्यक्रम में जिलेभर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रताप मंडावी, जिला मिशन समन्वयक डी. बी. रावटे, जिला परियोजना अधिकारी (साक्षरता) एम. के. देहारी, विद्यालय के प्राचार्य मनोज बागड़े तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुदीप झा मंचासीन रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि सीखने और आत्ममूल्यांकन के अवसर के रूप में देखने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों से किए गए संवाद का सीधा प्रसारण देखा गया। विद्यार्थियों ने पूरे एकाग्रता के साथ प्रधानमंत्री के अनुभवों और सुझावों को सुना। संवाद में समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, लक्ष्य निर्धारण, माता-पिता और शिक्षकों की भूमिका जैसे विषयों पर सरल और प्रेरक संदेश दिए गए, जिससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी को लेकर नई दिशा मिली।

कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा करते हुए कहा कि ‘परीक्षा पे चर्चा’ से उन्हें परीक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा मिली है। कई विद्यार्थियों ने बताया कि तनाव और भय के स्थान पर अब वे योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करेंगे और अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखेंगे। शिक्षकों ने भी इस पहल को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जिला स्तरीय आयोजन ने विद्यालय परिसर को उत्साह और उम्मीद के माहौल से भर दिया। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समयबद्ध तैयारी और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page