नारायणपुर

नारायणपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 की शुरुआत

7 मार्च से मंडल स्तर पर प्रशिक्षण, टेकेश्वर जैन बोले—कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत

नारायणपुर। भाजपा जिला कार्यालय में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के प्रमुख वक्ताओं ने प्रशिक्षण को पार्टी की वैचारिक मजबूती और सांगठनिक विस्तार की रीढ़ बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को प्रखर, प्रवीण और वैचारिक रूप से सुदृढ़ बनाते हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं जिले के प्रभारी टेकेश्वर जैन ने कहा कि भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही शक्ति का केंद्र होता है। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना, उन्हें संगठनात्मक अनुशासन से जोड़ना और सरकार की जनहितकारी योजनाओं का सजग प्रहरी बनाना है। उन्होंने कहा कि वैचारिक स्पष्टता के साथ प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं।

7 मार्च से 14 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण अभियान

टेकेश्वर जैन ने बताया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक ग्रामीण व शहरी सभी मंडलों में एक रात-दो दिन के अभ्यास वर्ग आयोजित किए जाएंगे। मंडल स्तर पर प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद जिलास्तरीय वर्ग प्रारंभ होंगे। प्रशिक्षण देने वाले वक्ताओं को विषयवार प्रदेश स्तर पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि संदेश एकरूपता और प्रभाव के साथ कार्यकर्ताओं तक पहुंचे।

एआई, सोशल मीडिया और आईटी पर भी फोकस

प्रशिक्षण सत्रों में वैचारिक अधिष्ठान, जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा, आदर्श कार्य-पद्धति, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सोशल मीडिया और आईटी के प्रभावी उपयोग जैसे समसामयिक विषय शामिल रहेंगे। वक्ताओं ने संगठनात्मक अनुशासन और समर्पण को कार्यकर्ता जीवन का मूल मंत्र बताया।

‘पंच परिवर्तन’ से सामाजिक चेतना का विस्तार

विधानसभा प्रभारी सुधीर पांडे ने कहा कि ‘पंच परिवर्तन’ सामाजिक जीवन का समग्र दर्शन है, जिसमें सामाजिक समरसता, स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्य समाहित हैं। उन्होंने कहा कि यह महाभियान मंडल स्तर तक संचालित होकर वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाजसेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करेगा।

कार्यशाला में बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण महाभियान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने की दिशा में निर्णायक पहल है।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page