नारायणपुर: कुमुराडी जंगल से नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद

53वीं आईटीबीपी व पुलिस के एडीपी ऑपरेशन में हथियार, विस्फोटक और मोर्टार-बीजीएल राउंड जब्त…
नारायणपुर, 26 फरवरी 2026। अबूझमाड़ अंचल के कुमुराडी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 53वीं वाहिनी आईटीबीपी एवं नारायणपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एरिया डॉमिनेशन पेट्रोलिंग (एडीपी) ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल-पहाड़ क्षेत्र में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री व हथियारों का डंप बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की मुठभेड़ नहीं हुई।

विश्वसनीय सूचना के आधार पर 25 फरवरी को सीओबी मंदोड़ा से सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ग्राम कुमुराडी के घने जंगलों की ओर रवाना हुई थी। सघन तलाशी अभियान के दौरान जवानों को जंगल के भीतर छिपाकर रखी गई नक्सली सामग्री मिली, जिसे सुरक्षित तरीके से जब्त किया गया।

विस्फोटक सामग्री और इम्प्रोवाइज्ड हथियार बरामद
बरामद डंप में प्राइमा कॉर्ड, सेफ्टी फ्यूज, ऑरेंज फ्यूज, सुतली बम, उर्वरक पाउडर, इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक एवं चारकोल बड़ी मात्रा में पाए गए। इसके साथ ही इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर, बीजीएल लॉन्चर, मोर्टार सेल तथा विभिन्न श्रेणियों के बीजीएल राउंड और कारतूस जब्त किए गए हैं। मौके से दो इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड के अलावा नक्सलियों के उपयोग की चिकित्सकीय सामग्री व दवाइयाँ भी मिली हैं।
जंगल में छिपाकर रखा गया था डंप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नक्सलियों ने यह डंप रणनीतिक रूप से जंगल के भीतर सुरक्षित स्थान पर छिपाकर रखा था, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका उपयोग किया जा सके। दुर्गम और पहाड़ी इलाका होने के कारण लंबे समय से यहां नक्सली गतिविधियों की आशंका जताई जाती रही है।
सर्च ऑपरेशन लगातार जारी
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। संभावित अन्य ठिकानों की तलाश के लिए आसपास के जंगल क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अबूझमाड़ अंचल में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।
नक्सलियों के डंप की बरामदगी को सुरक्षाबलों की एक महत्वपूर्ण सामरिक सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की दिशा में ठोस संदेश गया है।



