जगदलपुर में राष्ट्रपति का गरिमामय स्वागत, बस्तर पण्डुम का करेंगी शुभारंभ
मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर राज्यपाल–मुख्यमंत्री समेत जनप्रतिनिधियों ने किया आत्मीय अभिनंदन

रायपुर, 07 फरवरी 2026। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का शनिवार को बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में गरिमामय आगमन हुआ। वे ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित तीन दिवसीय संभाग स्तरीय बस्तर पण्डुम के शुभारंभ अवसर पर जगदलपुर पहुंचीं। मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का आत्मीय स्वागत किया गया।

एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और वन मंत्री केदार कश्यप ने भी राष्ट्रपति का अभिनंदन किया। सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और महापौर संजय पांडे ने राष्ट्रपति का अभिवादन करते हुए उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर एयरपोर्ट परिसर और शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
राष्ट्रपति के बस्तर आगमन से अंचल में उत्साह का माहौल देखा गया। तीन दिवसीय बस्तर पण्डुम के माध्यम से जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं को राष्ट्रीय पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




