नारायणपुर

जंगल की पगडंडियों पर अब ‘रोनिन’ की रफ्तार

नक्सल मोर्चे पर पुलिस को हाईटेक बढ़त, डीआरजी को मिलीं 200 दमदार बाइकें

नारायणपुर, 12 फरवरी 2026। अबूझमाड़ की दुर्गम पहाड़ियों और सघन जंगलों में सुरक्षा अभियान को नई रफ्तार मिली है। जिले में नक्सल विरोधी कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डीआरजी और केन्द्रीय बल के जवानों को टीव्हीएस ‘रोनिन’ 225 सीसी की 200 मोटरसाइकिलें सौंपी गईं। प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और मंत्री केदार कश्यप की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हेलमेट सहित बाइकें जवानों को सुपुर्द की गईं और हरी झंडी दिखाकर इन्हें ऑपरेशनल किया गया।

इस अवसर पर कहा गया कि अत्याधुनिक संसाधनों से लैस यह पहल सीमांत और अंदरूनी इलाकों में पुलिस की त्वरित पहुंच बढ़ाएगी। अब जंगल-पहाड़ों की पगडंडियों पर गश्त, सूचना पर तुरंत मूवमेंट और अभियान की गति पहले से कहीं तेज होगी। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार उपलब्ध कराई गई ये बाइकें जिले के नक्सल फ्रंट पर तैनात डीआरजी, केन्द्रीय बल तथा थाना-केम्पों में वितरित की जा रही हैं।

प्रभारी मंत्री वर्मा ने कहा कि थाना और केम्प स्तर पर शासकीय मोटरसाइकिलें उपलब्ध होने से न केवल पुलिसिंग सुदृढ़ होगी, बल्कि शासकीय कार्यों के त्वरित निष्पादन में भी सहूलियत मिलेगी। दुर्गम मार्गों पर तेज और भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था से जवानों की ऑपरेशनल क्षमता बढ़ेगी और सुरक्षा घेरे को मजबूती मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि इस योजना की शुरुआत वर्ष 2020 में 50 मोटरसाइकिलों से हुई थी। अब 200 नई हाई-पावर बाइकें मिलने से जिले की फील्ड फोर्स को निर्णायक बढ़त मिली है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि संसाधनों का यह विस्तार इलाके में भरोसे का माहौल बनाने और प्रशासनिक पहुंच मजबूत करने में भी सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में राज्य लघु वनोपज संघ अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) रुपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष एवं ग्राम पंचायत छोटेडोंगर की सरपंच संध्या पंवार, पार्षद रमशीला नाग, संगीता जैन, प्रवीण जैन, भाजपा नेता जोगेन्द्र उर्फ जैकी कश्यप, पंकज जैन, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुड़िया, वनमंडलाधिकारी डॉ. वेंकटेशा एम. जी., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील नायक, उप पुलिस अधीक्षक परवेज कुरैशी, अजय कुमार सिंह, अमृता पैकरा, एसडीएम अभयजीत मंडावी, रक्षित निरीक्षक सोनू वर्मा, रक्षित निरीक्षक मो. मोहसिन खान सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि तथा रक्षित केन्द्र और वाहन शाखा के अधिकारी-जवान उपस्थित रहे।

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़

अबूझमाड़ लाइव न्यूज़ पक्ष पर विपक्ष पर हर एक पक्ष पर निष्पक्ष बेबाक एवं धारदार पत्रकारिता के लिए संकल्पित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page